जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर में मछली कारोबार से जुड़े दुकानदारों को फिलहाल राहत मिल गई है। नगर पालिका परिषद ने मंगुराडिला के पास अस्थाई मछली मंडी के लिए स्थान निर्धारित कर दिया है। यहां दो माह तक मछली की दुकानें संचालित करने की अनुमति दी गई है। नगर पालिका के फैसले के बाद दुकानदार भी अस्थाई मंडी में दुकानें लगाने को सहमत हो गए हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि मछली मंडी को लेकर दुकानदारों की समस्या के समाधान के लिए फिलहाल मंगुराडिला के पास अस्थाई व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था दो माह तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान स्थाई मछली मंडी के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्थाई मंडी के लिए बाजिदपुर के पास जमीन चिन्हित कर ली गई है। नगर पालिका की ओर से यहां आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद मछली कारोबारियों को दुकानें आवंटित की जाएंगी।
उधर, दुकानदारों का कहना है कि स्थाई मंडी के लिए स्थान उपलब्ध कराने का भरोसा मिलने के बाद ही वे अस्थाई मंडी में जाने को तैयार हुए हैं। उन्होंने मांग की कि बाजिदपुर में प्रस्तावित स्थाई मंडी का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराया जाए, ताकि उन्हें बार-बार दुकानें स्थानांतरित करने की परेशानी न उठानी पड़े।