अयोध्या। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत विकास को नई गति देने के लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस योजना के अंतर्गत कुल 22.33 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 10.71 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।
योजना के तहत जिले के विभिन्न गांवों में कुल 51 विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से ग्रामीण सड़कों का निर्माण, संपर्क मार्गों का विस्तार तथा सामुदायिक केंद्रों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) को सौंपी गई है।
विकास खंड मसौधा के ग्रामसभा शिवदासपुर में मितराम के घर से चारागाह तक 700 मीटर सड़क निर्माण के लिए 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विकास खंड अमानीगंज के ग्रामसभा बरौली में पूरे छतरपाल से बरौली तक 800 मीटर सड़क के लिए 21 लाख रुपये, ग्राम पंचायत रामपुर सर्धा और अरती में सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।
इसके अलावा ग्रामसभा मड़ना में सेवरा चौरा पक्की सड़क से बलुईया मांझा तक 1500 मीटर सड़क के लिए 47 लाख रुपये, रायबरेली रोड से सुल्तानपुर रोड तक 1400 मीटर मार्ग निर्माण हेतु 48 लाख रुपये तथा दशरथकुंड वार्ड में पंचकोसी मार्ग से निरंकारपुर होते हुए मक्खापुर तक 1000 मीटर सड़क निर्माण के लिए 29 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और आर्थिक विकास को गति देने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।