जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर नगर के मोहल्ला गंजा निवासी एक नवयुवक का दो दिन से बंद दुकान की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं परिवार में शोक का माहौल है। शुक्रवार को परिजनों ने नगर स्थित बालाघाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला गंजा निवासी अतुल मद्धेशिया (पुत्र उमेश मद्धेशिया) दीपावली के दिन मुंबई से घर लौटा था। बताया जाता है कि भैया दूज के दिन वह मोहल्ला छाछू के नगपुर मोड़ स्थित अपनी मिष्ठान की दुकान पर बैठा था। शाम को उसने दुकान के काउंटर से मिठाई निकालकर खाई और इसके बाद दुकान की दूसरी मंजिल पर चला गया। इससे पहले उसने सुबह घर पर बताया था कि शाम को उसे एक बारात में जाना है। शाम को परिवार के अन्य सदस्य दुकान बंद कर घर चले गए।
बताया जाता है कि इसके बाद दो दिनों तक परिवार के लोग प्रतिदिन की तरह दुकान खोलते रहे, लेकिन किसी को ऊपर जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इसी बीच दुकान की दूसरी मंजिल से तेज दुर्गंध आने लगी। गुरुवार देर शाम दुकान पर मौजूद उसके भाई अखिल और पिता ऊपर पहुंचे तो वहां अतुल मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। बाद में शव को छाछू मोहल्ला स्थित दूसरे आवास पर ले जाया गया, जहां से शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतुल नशे का आदी था और आशंका जताई जा रही है कि वह भी नशे के दुष्परिणामों का शिकार हुआ हो सकता है। हालांकि उसकी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी क्षेत्र में नशे के ओवरडोज से चार युवकों की मौत होने की चर्चाएं सामने आ चुकी हैं। इसी मोहल्ले में राजा शर्मा नामक युवक की भी कथित तौर पर नशे के ओवरडोज से मौत हुई थी। उस मामले में परिजनों द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ स्थानीय प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक लिखित शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी।
इसके बावजूद क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने तथा युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।