अम्बेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहसिनपुर स्थित एलआईसी गली में शुक्रवार की रात एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय नंदकुमार गौड़ उर्फ सन्नू पुत्र विजय गौड़ के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि युवक ने कमरे के अंदर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। रात लगभग दस बजे परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर पहुंची अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। वहीं युवक की मौत को लेकर मोहल्ले में तरह तरह की चर्चाएं भी हैं।