अयोध्या। आगामी 25 नवंबर को श्रीरामजन्मभूमि परिसर में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर में सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी हैं। सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर में लगे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से श्रीराम भजन और हनुमान चालीसा का प्रसारण किया जा रहा है। कई चौराहों और महत्वपूर्ण मार्गों पर फूलों की सजावट, लाइटिंग और अस्थायी सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं।
1546 सफाईकर्मी जुटे, अस्थायी टॉयलेट लगाए जा रहे
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि 1546 सफाई कर्मचारी शहर में विशेष सफाई अभियान में लगे हैं। श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए 470 अस्थायी टॉयलेट और 29 मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी चौराहों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
60 वार्डों में विशेष अभियान
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार से शहर के 60 वार्डों में सफाई, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत कर दी गई है। स्थानीय लोगों, स्कूलों, व्यापारी मंडलों और संस्थाओं को भी इस अभियान में शामिल किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारी के तहत 21 से 23 नवंबर तक रैलियों, वॉकाथन, बैठकें और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्कूल बच्चों की रैली, व्यापारियों की बैठक, होम स्टे संचालकों का प्रशिक्षण और सफाई संबंधी जागरूकता क्रमिक रूप से की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने 9 ओवरहेड टैंक, 983 हैंडपंप और 56 छोटी टंकियों की मरम्मत कराई है। शहर में 15 वाटर किओस्क, 25 स्मार्ट वाटर किओस्क और 81 वाटर कूलर भी लगाए गए हैं। नगर निगम टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का निरीक्षण कर यातायात, प्रकाश व्यवस्था और सफाई से संबंधित कमियों को चिह्नित किया है, जिन्हें कार्यक्रम से पहले ठीक किए जाने पर जोर दिया जा रहा है।