◆ जिला प्रभारी वीरेंद्र प्रताप नारायण पांडे ने कार्यकर्ताओं के साथ की समीक्षा, एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित है रैली
अयोध्या । दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की रैली की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कमला नेहरू भवन स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त जिला प्रभारी वीरेंद्र प्रताप नारायण पांडे ने बैठक में पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
बैठक में जिला प्रभारी वीरेंद्र प्रताप नारायण पांडे ने कहा कि रैली की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रियता एवं आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि अयोध्या जनपद से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रैली में शामिल होंगे। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रैली में जनपद की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि महानगर कांग्रेस कमेटी रैली की तैयारियों में जुटी है। वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क कर दिल्ली पहुंचने और कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, राष्ट्रीय छात्र संगठन अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता, मोहम्मद आमिर, अनिल तिवारी, अशोक कुमार राय, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, विवेक प्रताप शर्मा, सतीश सिंह, विशाल दुबे, विजय श्रीवास्तव, कविंद्र साहनी, धीरेंद्र नाथ वर्मा और रामसागर रावत सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।