Wednesday, October 28, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरयुवा उत्सव में लोकगीत और लोकनृत्य से बिखरे संस्कृति के रंग

युवा उत्सव में लोकगीत और लोकनृत्य से बिखरे संस्कृति के रंग


अम्बेडकर नगर। रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अकबरपुर में बुधवार को आयोजित युवा उत्सव में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं ने लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को मंच दिया।

युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक के तहत युवा उत्सव का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय और जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर ने प्रथम और आदर्श जनता इंटर कॉलेज, टांडा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में गौरव शुक्ला की टीम प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टांडा द्वितीय और रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। नुक्कड़ नाटक में अकबरपुर की गब्बर गैंग ने पहला स्थान हासिल किया। कविता लेखन में अकबरपुर के शशांक प्रथम और टांडा की शाइस्ता द्वितीय स्थान पर रहीं।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments