◆ चूड़ी, मेहंदी और शृंगार सामग्री की दुकानों पर उमड़ी भीड़
अम्बेडकर नगर। पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना का पर्व करवा चौथ गुरुवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर सुहागिन महिलाओं में खासा उत्साह है। व्रत और पूजन की तैयारियों के बीच जिले के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं पूजन सामग्री से लेकर शृंगार के सामान तक की खरीदारी में जुटी हैं।
जिला मुख्यालय, शहजादपुर, टांडा, बसखारी, जलालपुर, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, भीटी और महरुआ समेत भियांव क्षेत्र के नेवादा, अंबरपुर, बंदीपुर, रफीगंज, दुल्हूपुर और न्योरी के बाजारों में बुधवार को चहल-पहल रही। साड़ी, चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, सौंदर्य प्रसाधन, करवा, पूजन सामग्री और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। खासकर चूड़ी और मेहंदी की दुकानों पर महिलाओं की आवाजाही बढ़ी रही। महिलाएं अपनी पसंद के कपड़े और शृंगार सामग्री की खरीदारी करती नजर आईं। बाजारों में बढ़ती रौनक से दुकानदारों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
उधर, पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी और चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण करेंगी। पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माने जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह और उल्लास का माहौल है।