जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम मुठभेड़ के दौरान 15 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे जलालपुर पुलिस टीम सुधारनगर-गौसपुर करौंदी मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक वांछित बदमाश के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान निखिल यादव उर्फ हैपी पुत्र सुरेश चंद्र यादव, निवासी ग्राम मंसूरपुर, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकरनगर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, निखिल यादव थाना जलालपुर से 15 हजार का इनामी वांछित अपराधी है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अभियुक्त के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर उसके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।