Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर डीजे बजाने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक सप्ताह बाद...

डीजे बजाने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक सप्ताह बाद होनी थी शादी

0

आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुजुर्ग गांव में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी पिंटू कुमार गौतम पुत्र स्वर्गीय लालचंद गौतम के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात घाट पर डीजे न बजाने को लेकर पिंटू कुमार गौतम का दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पीछे से उसके सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। सोमवार को उसका शव नदी किनारे मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिंटू की शादी महज एक सप्ताह बाद होनी थी। कुछ दिन पहले ही उसके पिता का निधन हो गया था। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि रात में डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version