अम्बेडकर नगर। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्रवण क्षेत्र धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। यहां 50 लाख रुपये की लागत से निषादराज की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जबकि 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृत धनराशि से म्यूजियम गैलरी और कैफेटेरिया का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लेने रविवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के साथ श्रवणधाम का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस यूनिट-44 के अधिशासी अभियंता देवव्रत पवार एवं संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निषादराज की प्रतिमा स्थापना, म्यूजियम गैलरी, कैफेटेरिया सहित अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्ययोजना व्यवस्थित ढंग से तैयार कर सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रवणधाम जनपद की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। श्रवण कुमार की पितृभक्ति और माता-पिता की सेवा से जुड़ी प्रेरणादायी गाथा के कारण इस स्थल का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने से श्रवणधाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जनपद में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।