जलालपुर, अंबेडकर नगर। आबादी की जमीन पर रास्ते में भैंस बांधने को लेकर उपजे विवाद में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और फावड़े चलने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मछली गांव निवासी रविंद्र यादव और सुभाषचंद्र यादव के बीच आबादी की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि सुभाषचंद्र विवादित भूमि पर रास्ते में भैंस बांधते हैं। रविवार सुबह रविंद्र पक्ष के लोगों ने जमीन को अपना बताते हुए इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से जुटे लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में कई लोग लहूलुहान हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में रविंद्र, जितेंद्र, योगेंद्र और रामजीत घायल हो गए। इनमें रामजीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष से सुभाषचंद्र यादव, रमेश, सौम्या और हरिश्चंद्र घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।