Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जर्जर भवनों पर लगाएं ‘प्रवेश निषेध’ की पेंटिंग, बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च...

जर्जर भवनों पर लगाएं ‘प्रवेश निषेध’ की पेंटिंग, बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

0
ayodhya samachar

अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की समीक्षा की। उन्होंने ब्लॉकवार विद्यालयों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कमियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रधानाध्यापकों, संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर विद्यालयों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। जिन विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति बाधित है, वहां तत्काल कार्रवाई कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने को कहा।

जर्जर भवन वाले विद्यालयों में ‘प्रवेश निषेध, भवन जर्जर है’ की स्पष्ट पेंटिंग कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों में कायाकल्प योजना के सभी पैरामीटर पूर्ण रखने को भी कहा।

कस्तूरबा विद्यालयों में अगले तीन दिनों में विशेष सफाई अभियान चलाने, बड़े डस्टबिन लगवाने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इन विद्यालयों तथा अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा।

बैठक में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version