जलालपुर अंबेडकर नगर। शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जलालपुर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित हो रहे मदरसों को खाली कराया। इससे पूर्व तहसील प्रशासन द्वारा संबंधित मदरसा प्रबंध समितियों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था, किंतु निर्देशों की अनदेखी के चलते प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसिया में स्थित मदरसा नूर फातिमा पब्लिक स्कूल, मालीपुर थाना क्षेत्र के मदरसा नुरुल इस्लाम अवधना इस्माइलपुर एवं गुलामी मदरसा इस्लामिक धवरुआ जैसे संस्थान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। इन पर प्रशासन द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर कब्जा हटवाया गया।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि लंबे समय से इन स्थानों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मदरसों का निर्माण कर संचालन किया जा रहा था। शासन के निर्देश पर नोटिस जारी किया गया, परंतु प्रबंध समितियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद प्रशासन ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए अतिक्रमण हटवाया।
कार्रवाई के दौरान जलालपुर में उपजिलाधिकारी पवन जायसवाल के साथ क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह तथा मालीपुर क्षेत्र में थाना अध्यक्ष स्वतंत्र मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
हालांकि, कटका थाना क्षेत्र के भियांव गांव में स्थित एक अन्य अवैध मदरसे पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि वहां भी जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी संस्था द्वारा किया गया हो।