जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट की ओर से गौ-सेवा और सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विकासनगर कॉलोनी स्थित गौशाला पहुंचकर गायों को तिल और गुड़ का पौष्टिक आहार खिलाया तथा उनकी देखभाल की।
ट्रस्ट अध्यक्ष केशव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष आलोक बाजोरिया एवं विकास निषाद के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक गाय को तिल-गुड़ का प्रसाद दिया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर की साफ-सफाई कराई गई। साथ ही पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल और अतिरिक्त चारे की व्यवस्था की गई। आयोजन में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष केशव श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में गाय को माता का स्थान प्राप्त है। मकर संक्रांति जैसे शुभ अवसर पर गौ-सेवा करना धार्मिक कर्तव्य के साथ-साथ समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद वितरण किया, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता और मजबूत हुई। तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट की इस पहल से क्षेत्र में गौ-सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ी और सेवा भावना को नई दिशा मिली।