Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शारदीय नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने की मां शैलपुत्री की आराधना,...

शारदीय नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने की मां शैलपुत्री की आराधना, देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

0

◆ घट स्थापना के साथ शुरू हुई नौ दिवसीय साधना, घरों से मंदिरों तक गूंजे जयकारे; ग्रामीण क्षेत्रों में भी सज गए दुर्गा पूजा पंडाल


अंबेडकर नगर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जिले भर में आस्था और भक्ति का उल्लास छाया रहा। सुबह से ही घरों और देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। व्रतधारियों ने विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ किया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक स्थित देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हाथों में पूजा की थाली, नारियल, चुनरी और पुष्प लिए भक्त मां के दर्शन के लिए कतारबद्ध नजर आए। मंदिर परिसर घंटियों की गूंज और मां के जयकारों से गुंजायमान रहे। घरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा स्थल को सजाकर अखंड ज्योति प्रज्वलित की और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने नियम-संयम के साथ पूजा-अर्चना कर देवी से आशीर्वाद मांगा।

उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय श्रद्धालुओं और पूजा समितियों की ओर से आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किए गए हैं। कई स्थानों पर पहले ही दिन मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी गई। पंडालों में साज-सज्जा और धार्मिक आयोजनों को लेकर भी तैयारियां दिखाई दीं। नवरात्र के आगाज के साथ ही जिले का माहौल भक्तिमय हो गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version