अम्बेडकर नगर। प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार को जनपद के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे निरीक्षण भवन पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे श्रवण धाम में आयोजित एक पेड़–मां के नाम कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण करेंगे तथा जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे जेल रोड स्थित लोरपुर ताजन पौधशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
दोपहर एक बजे केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी एवं सहयोगी दलों के जिलाध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
प्रभारी मंत्री ग्राम बहाऊद्दीनपुर पहुंचकर विद्युत स्पर्शाघात से दिवंगत हुई दिशा राजभर के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद निरीक्षण भवन में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।