Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने तैयारियों की परखी...

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने तैयारियों की परखी नब्ज

0

अम्बेडकर नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 एवं 10 जून को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, निगरानी प्रणाली तथा परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं एसओपी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। नकल, अवांछित गतिविधियों अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्योत्स्ना बंधु, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट समेत संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version