Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें अधिकारी: प्रभारी मंत्री

शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें अधिकारी: प्रभारी मंत्री

0

अयोध्या। प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के विभागवार सूचकांकों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार लाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करें।

उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। समीक्षा के दौरान राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, कृषि, ग्रामीण एवं शहरी विकास, समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड केवल आंकड़ों का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही और कार्यसंस्कृति का प्रतिबिंब है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय से पात्र लोगों तक पहुंचे। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के सभी सूचकांकों की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने विभागाध्यक्षों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में सभी लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, चंद्रभानू पासवान, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version