अयोध्या। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर भारतीय दिव्यांग कल्याण समिति द्वारा सोमवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रतिभागियों ने दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों की मांग को प्रभावी तरीके से उठाया। सभी ने समावेशी समाज के निर्माण और दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकलांग के स्थान पर दिव्यांग शब्द देकर सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनके माध्यम से वे आत्मनिर्भर होकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें।
भारतीय दिव्यांग कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने बताया कि रैली चौक से प्रारंभ होकर विकास भवन तक पहुंची। यहां दिव्यांगजनों की समस्याओं को जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो उन्हें नगर विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।