अयोध्या। जैन धर्म के पवित्र पर्यूषण पर्व (क्षमा पर्व) के अवसर पर 15 सितंबर को अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में संचालित मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल ने आदेश जारी कर संबंधित दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
जैन श्वेतांबर स्थानकवासी संघ की ओर से पर्यूषण पर्व को धर्म, ध्यान और तपस्या के साथ मनाए जाने के दृष्टिगत 15 सितंबर को मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रखने का अनुरोध किया गया था। संघ के अनुरोध पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने यह आदेश जारी किया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने पर्व के दौरान जैन मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा को रोकना है।