Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर लिजेंड अम्बेडकरनगर व मऊ की टीम सेमीफाइनल में पहुंची

लिजेंड अम्बेडकरनगर व मऊ की टीम सेमीफाइनल में पहुंची

0

जलालपुर अम्बेडकरनगर। मोतीलाल विद्यामंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मालीपुर क्रिकेट मेला के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए लिजेंड अम्बेडकरनगर और मऊ की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शासकीय अधिवक्ता सुदीप मिश्र, सपा नेता सिद्धार्थ मिश्र एवं थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित हो रहे इस भव्य क्रिकेट आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बिहार और लिजेंड अम्बेडकरनगर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर अखिल और नीतीश के साथ ही आशीष, दिव्या और शिवम बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान अविनाश सिंह ने चार छक्के और दो चौकों की मदद से 35 रन तथा आयुष ने 17 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया। बिहार की पूरी टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 107 रन ही बना सकी। लिजेंड अम्बेडकरनगर की ओर से आशुतोष ने तीन और रुद्र त्रिपाठी ने दो विकेट झटके।
108 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लिजेंड अम्बेडकरनगर की टीम ने सधी बल्लेबाजी करते हुए मात्र दो विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीत लिया। ओपनर बंटी ने 17 और अभिषेक ने 29 रन बनाए। इसके बाद कासिफ ने 11 रन तथा कप्तान विपिन राय ने 27 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। बिहार की ओर से आयुष को एक विकेट मिला।
दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला नेवरी और मऊ के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मऊ की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 197 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मऊ की ओर से अकबर खान ने 46 रन, संग्राम मालिक ने 33 रन, अनिल यादव ने 17 रन तथा आदेश ने 19 रनों का योगदान दिया।
198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेवरी की टीम मऊ के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 127 रन पर ऑलआउट होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। नेवरी की ओर से शिवांश और विपिन राय ने 23-23 रन बनाए, जबकि विनय ने 19 रन जोड़े। मऊ की ओर से भूपेंद्र, हरिओम और विशाल की कसी हुई गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई।
मैच में सूर्यनाथ यादव, दिलीप यादव एवं डॉ. आशुतोष मिश्रा ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि आशाराम त्यागी ने शानदार कमेंट्री से दर्शकों का मनोरंजन किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में सुभाष यादव, डॉ. अंशुमान मिश्र, सुनील यादव, रणधीर यादव, प्रमोद राणा सहित अन्य लोग सक्रिय रूप से लगे रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version