जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर तहसील प्रशासन और नगर पालिका ने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कमर कस ली है। नगर क्षेत्र में नालियों और पटरियों तक फैल चुके अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। अतिक्रमणकारियों को 30 जून तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद 1 जुलाई से प्रशासन और नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से सख्त अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन की यह कार्रवाई मालीपुर रोड, रामगढ़ रोड, सुरहुरपुर रोड, यादव चौराहा से मित्तूपुर रोड, अकबरपुर रोड और यादव चौराहा से उर्दू बाजार तक के क्षेत्रों में पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका द्वारा बनाई गई नालियों तक किए गए अतिक्रमणों पर केंद्रित रहेगी।
अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि इन इलाकों में अतिक्रमण के कारण सड़कें सकरी हो गई हैं, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जा चुकी है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो एक जुलाई से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस सख्त रुख से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने इस अभियान का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से यातायात सुचारु होगा और नगर की सुंदरता में भी सुधार आएगा।