जैतपुर, अंबेडकर नगर। जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में महिला समेत तीन लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। कोड़रा कला गांव निवासी छोटेलाल यादव ने जैतपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब सात बजे जमीन व रास्ते के विवाद को लेकर विपक्षी प्रिन्स यादव, प्रमिला और ब्यूटी ने उसके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने इन्दु यादव के साथ मारपीट की। बचाने पहुंची परिजन सविता के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान इन्दु के दोनों हाथों में दांत से काटकर चोट पहुंचाने का आरोप है। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।