Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या विश्व विजेता बना भारत : अयोध्या की गलियों में गूंजे जयकारे, पटाखों...

विश्व विजेता बना भारत : अयोध्या की गलियों में गूंजे जयकारे, पटाखों और तिरंगों के साथ मना ऐतिहासिक जश्न

0

अयोध्या। टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के साथ ही रामनगरी अयोध्या जश्न के रंग में रंग गई। जैसे ही अंतिम विकेट गिरा और भारत की जीत पक्की हुई, वैसे ही पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और भारत माता के जयकारे लगाकर इस गौरवपूर्ण क्षण का उत्सव मनाया।
शहर के प्रमुख इलाकों फतेहगंज, चौक और सिविल लाइन में देर रात तक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। टीवी स्क्रीन पर जीत की घोषणा होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर जश्न मनाने लगे। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोगों में भारतीय टीम की जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर युवाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर और हाथ मिलाकर जीत की बधाई दी।
शहर की सड़कों पर युवाओं के समूह हाथों में तिरंगा लिए मोटरसाइकिलों से घूमते नजर आए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और टीम इंडिया जिंदाबाद जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रुप से जश्न मनाया और पटाखों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।
फतेहगंज और चौक क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर भारतीय टीम के खिलाड़ियों की शानदार प्रदर्शन की चर्चा करते नजर आए। लोगों का कहना था कि टीम इंडिया ने जिस जज्बे और आत्मविश्वास के साथ पूरे टूर्नामेंट में खेल दिखाया, वह देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। युवाओं ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है और यह जीत हर भारतीय के लिए यादगार पल बन गई है। कई परिवार अपने बच्चों के साथ घरों के बाहर आकर जश्न में शामिल हुए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version