Home Uncategorized आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

0

अम्बेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण वाटिका निर्माण, वाल पेंटिंग तथा रेनवाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिन विकास खंडों में कार्यों की प्रगति धीमी पाई गई, वहां के संबंधित सीडीपीओ, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए सभी लंबित कार्यों को चार दिनों के भीतर पूर्ण कराने को कहा। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर सीडीपीओ अकबरपुर से स्पष्टीकरण जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने मनरेगा और अन्य योजनाओं के अंतर्गत संचालित भूजल संरक्षण से संबंधित कार्यों को ‘कैच द रेन’ पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने मनरेगा के तहत लंबित कार्यों की विकास खंडवार समीक्षा करते हुए उन्हें समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि राशन कार्ड के लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम सूची से हटाने और पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version