◆ अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान, स्मार्टफोन भी मिलेगा
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह में उनके लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के साथ अब उन्हें पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त साड़ी और स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा समेत विभिन्न जिलों से करीब 12 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं।
