Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर वाजिदपुर में होलिका व चरागाह भूमि विवाद सुलझा, एसडीएम ने दोनों पक्षों...

वाजिदपुर में होलिका व चरागाह भूमि विवाद सुलझा, एसडीएम ने दोनों पक्षों की सहमति से किया पटाक्षेप

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर नगरपालिका क्षेत्र के वाजिदपुर मोहल्ला वार्ड नंबर 7 में होलिका व चरागाह की जमीन पर रास्ते के निर्माण को लेकर उपजा विवाद मंगलवार को उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता के हस्तक्षेप से सुलझा लिया गया। मामले में दोनों पक्षों की कोतवाली में बैठक कर सहमति बनवाई गई, जिससे दोनों ही पक्ष संतुष्ट नजर आए।

गौरतलब है कि वाजिदपुर में होलिका दहन स्थल व चरागाह की भूमि पर रास्ते की मांग को लेकर दो पक्षों में गत दिनों विवाद हो गया था। एक पक्ष जहां सार्वजनिक रास्ते की मांग कर रहा था, वहीं दूसरा पक्ष धार्मिक व परंपरागत स्थल होने का हवाला देते हुए इसका विरोध कर रहा था। इस भूमि पर नगर पालिका द्वारा इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था।

विवाद की सूचना मिलते ही जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाते हुए कहा कि जब तक उप जिलाधिकारी स्थल का निरीक्षण नहीं करते, तब तक कोई निर्माण कार्य नहीं होगा। निरीक्षण के लिए सोमवार की तिथि तय की गई थी, लेकिन बारिश के चलते यह संभव नहीं हो सका।

मंगलवार को उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने स्थल का निरीक्षण किया और फिर दोनों पक्षों को जलालपुर कोतवाली में बुलाकर बैठक की। बैठक में विस्तार से चर्चा हुई, जहां आरंभ में सहमति नहीं बन सकी। अंततः एसडीएम ने यह निर्णय सुनाया कि जहां तक लोगों के मकान हैं, वहां तक ही रास्ता बनेगा। इसके आगे के हिस्से में कोई निर्माण नहीं किया जाएगा, बल्कि नगर पालिका द्वारा राबिश डालकर भूमि को समतल कर दिया जाएगा।

दोनों पक्ष इस प्रस्ताव पर राजी हो गए। तय हुआ कि पूर्व की भांति होलिका दहन यथावत होता रहेगा और रास्ते का उपयोग कोई भी पक्ष नहीं रोकेगा।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, सभासद प्रतिनिधि देवेश मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, सभासद अब्दुल रब, मेराज आलम, मोइनुद्दीन, सुखलाल, राहुल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version