जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र से एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आजमगढ़ जनपद की एक युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पीड़िता के परिजनों ने जलालपुर पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि एक रिश्तेदार युवती, जो आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, सोमवार को उनकी 17 वर्षीय पुत्री को जलालपुर बाजार में सामान खरीदने के बहाने ले गई थी। लेकिन देर शाम तक लड़की घर नहीं लौटी, जिससे परिजन परेशान हो गए। परिजनों ने बताया कि उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। आशंका जताई जा रही है कि उक्त युवती उसे बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले गई है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी युवती के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।