Home Uncategorized पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है ग्रीन टेंपल : महापौर

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है ग्रीन टेंपल : महापौर

0

◆ अरबिंद आश्रम में ग्रीन टेंपल का उद्घाटन, पौधरोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प


अयोध्या। शहर स्थित अरबिंद आश्रम में विकसित ग्रीन टेंपल का उद्घाटन गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का समन्वय आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा ग्रीन टेंपल जैसी पहल समाज को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देती है।

महापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और हरित वातावरण के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। अरबिंद आश्रम परिवार द्वारा शुरू की गई यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देगी।

आश्रम के व्यवस्थापक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रीन टेंपल की स्थापना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आश्रम आगे भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति संरक्षण के अभियान से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान महापौर सहित सभी अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अरविंद दर्शन के मर्मज्ञ राहुल सिंह चौहान, आश्रम से जुड़े श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version