Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अयोध्या विधानसभा में 2451 करोड़ की परियोजनाओं को सरकार की मंजूरी

अयोध्या विधानसभा में 2451 करोड़ की परियोजनाओं को सरकार की मंजूरी

0
ayodhya samachar

◆ परियोजना में कई सड़कों का उच्चीकरण व चौड़ीकरण शामिल, इस वित्तीय वर्ष में शुरू होगा निर्माण कार्य


◆ सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ विधायकों की बैठक के बाद लिया गया निर्णय


अयोध्या। विधानसभा क्षेत्र अयोध्या की सड़कों के उच्चीकरण और चौड़ीकरण के लिए कुल 2451.85 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। यह स्वीकृति 26 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या एवं देवीपाटन मंडल के विधायकों के साथ हुई बैठक के बाद दी गई। परियोजनाओं पर इसी वित्तीय वर्ष 2025-26 में कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा।


वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक अयोध्या

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इन परियोजनाओं में सुगम आवागमन के लिए लंबित सड़कों और संपर्क मार्गों को शामिल किया गया है। जिन प्रमुख सड़कों को स्वीकृति मिली है, उनमें टेढ़ी बाजार-अशर्फी भवन-पोस्ट ऑफिस मार्ग को 124.09 करोड़ की लागत से तथा रानोपाली-विद्याकुंड-दर्शन नगर-भरतकुंड मार्ग को 1156 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। कनक भवन से श्रीराम जन्मभूमि त्रिदंडी देव भवन मार्ग, एनएच-27 से रामघाट-दिगंबर अखाड़ा मार्ग, रानोपाली-बाग बिजैसी से रेलवे स्टेशन, मोहबरा-टेढ़ी बाजार आरओबी की सर्विस लेन, अशर्फी भवन गोला घाट से अशर्फी भवन तक की सड़कों के चौड़ीकरण की स्वीकृति प्राप्त हो गई है।

विधायक ने बताया कि अयोध्या कैंट क्षेत्र में देवकाली-जेल रोड, रिकाबगंज-फतेहगंज, रिकाबगंज-चौक, रीडगंज-गुलाबबाड़ी, मछली मंडी-जमथरा घाट, नियावां पाटेश्वरी मंदिर से पोस्ट ऑफिस रामपथ तक फोर लेन, तथा मोदहा-मऊशिवाला मार्ग का चौड़ीकरण भी इसी वित्तीय वर्ष में प्रारंभ होगा।

साथ ही बनबीरपुर, सूर्यकुंड और हलकारा का पुरवा में दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। पुराने सरयू पुल के समानांतर नए पुल के लिए पहुंच मार्ग 273 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की 10 नई सड़कों का निर्माण भी इस योजना में शामिल है। विधायक ने बताया कि यह परियोजनाएं अयोध्या के चहुंमुखी विकास को गति देने के साथ-साथ तीर्थनगरी में आवागमन को सुगम बनाएंगी।


सीएम के साथ बैठक में शासन व जनप्रतिनिधियों में सशक्त संवाद का दिया गया है निर्देश – विधायक


विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ अयोध्या व देवीपाटन मंडल की बैठक में सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नगर निगम तथा नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा में जनप्रतिनिधियों को शामिल करना आवश्यक है। वार्ड में हो रहे विकास कार्यों में स्थानीय विधायकों के प्रस्ताव को शामिल करें। बताया कि बैठक में सीएम ने सभी जिला मुख्यालय को फोर लेन तथा ब्लाक मुख्यालयों को दो लेन सड़कों जोड़ने के काम तेजी से किया जाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को शासन तथा जनप्रतिनिधियों के मध्य सशक्त संवाद स्थापित करने को कहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version