अयोध्या। मसौधा ब्लॉक के ग्राम अबानपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन केंद्र का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे इस कार्य की स्वीकृत लागत एक करोड़ रुपये है। परियोजना के तहत गांव के प्रवेश द्वार पर थीमेटिक गेट के साथ पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
परियोजना में यात्री हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, सैंड स्टोन फ्लोरिंग, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पेयजल व्यवस्था, स्टोन बेंच, दिशासूचक बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था शामिल है। वर्तमान में यात्री हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, साइनेज और गेट की फिनिशिंग का काम चल रहा है।
परियोजना के लिए अब तक 90 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। निर्माणाधीन परिसर में सैंड स्टोन फ्लोरिंग और इंटरलॉकिंग टाइल्स के साथ बैठने की व्यवस्था तथा प्रकाश की सुविधा भी विकसित की जा रही है।
परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, पर्यटन विभाग से प्राप्त निधि से परियोजना का निर्माण कराया जा रहा है और कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है। निर्माण पूरा होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों को ठहरने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के क्रम में विकसित किया जा रहा यह केंद्र स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे गांव में आने वाले पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश से परिचित होने का अवसर मिलेगा।