Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, जिले में अलर्ट

घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, जिले में अलर्ट

0
ayodhya samachar

अम्बेडकर नगर। सरयू नदी का जलस्तर बाराबंकी के एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तेज कर दी है। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष, लखनऊ से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार एल्गिन ब्रिज पर सरयू नदी का जलस्तर 106.130 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 106.070 मीटर है। यानी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.060 मीटर ऊपर बह रहा है और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है।

बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिले की संबंधित तहसीलों के साथ पुलिस, सिंचाई, राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन समेत अन्य विभागों को सतर्क कर दिया गया है। बाढ़ संभावित गांवों में लगातार निगरानी की जा रही है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं और अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। जलमग्न सड़क या पुल पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास करने के बजाय केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

प्रशासन ने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, बिजली के खंभों व खुले तारों से दूर रहने, आवश्यक दवाइयां, पेयजल और सूखा खाद्यान्न सुरक्षित रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस या नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की भी अपील की है।

जिला प्रशासन का कहना है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version