Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मतदाताओं को तीन श्रेणियों में बांटकर तैयार करें चुनावी रणनीति : कर्मवीर

मतदाताओं को तीन श्रेणियों में बांटकर तैयार करें चुनावी रणनीति : कर्मवीर

0

◆ वैचारिक, समर्थक और विरोधी मतदाताओं की अलग-अलग सूची बनाकर संपर्क, समन्वय और संवाद पर दिया जोर


अयोध्या। भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय सहादतगंज में महानगर एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाताओं का वर्गीकरण कर सुनियोजित ढंग से संगठनात्मक कार्य करने का निर्देश दिया। वे अवध क्षेत्र में विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कर्मवीर ने कहा कि प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं को वैचारिक, समर्थक और विरोधी तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाए। इसके अनुसार अलग-अलग कार्ययोजना बनाकर संपर्क, समन्वय और संवाद की रणनीति अपनाई जाए। सार्वजनिक स्थलों पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा कर लोगों तक सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य बूथों को मजबूत करना और प्रत्येक बूथ पर 10 प्रतिशत मत बढ़ाना होना चाहिए। एसआईआर में जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उनकी पड़ताल की जाए। पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास हों। बूथ की नियमित बैठकों में इसकी समीक्षा भी की जाए।

उन्होंने विपक्ष पर देश में नकारात्मकता और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दें। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की कानून व्यवस्था का मॉडल पूरे देश में चर्चा का विषय है। कर्मवीर अवध क्षेत्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रवासी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालेंगे। बैठक के उपरान्त महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी की जयंती एवं स्मृति दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

इससे पूर्व उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक किया। बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख अभिषेक सिंह, दिनेश वर्मा, शिवेन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, अभिषेक मिश्र, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय मौजूद रहे। संगठन बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, काशीराम, अच्छेलाल निषाद, महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, बाके बिहारी मणि त्रिपाठी, परमानंद मिश्र, शैलेन्द्र कोरी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version