अम्बेडकर नगर। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को त्रिलोकनाथ पीजी कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 17 कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कुल 763 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 412 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने योग्य अभ्यर्थियों का प्राथमिक स्तर पर चयन किया।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अरुण शाही ने किया। आयोजन में राजकीय आईटीआई जहांगीरगंज के प्रधानाचार्य विनोद सिंह, राजकीय आईटीआई आलापुर के अनुदेशक चन्द्रदीप शर्मा सहित जिला सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों का सहयोग रहा।