Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या आधुनिक निर्माण तकनीकों से विकास की नई पहचान बना रही अयोध्या :...

आधुनिक निर्माण तकनीकों से विकास की नई पहचान बना रही अयोध्या : महापौर

0

◆ जन आवास की नवीन प्रौद्योगिकियों पर कार्यशाला में अभियंताओं ने सीखी निर्माण की आधुनिक विधियां


◆ बदलते तकनीकी दौर और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनें विकास योजनाएं : नगर आयुक्त


अयोध्या। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि बीते पांच वर्षों में अयोध्या में विकास कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है। दुनिया के इतिहास में इतनी कम अवधि में किसी शहर का ऐसा व्यापक कायाकल्प दुर्लभ है। प्रशासन, विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने अभियंताओं के सहयोग से शहर की कनेक्टिविटी, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आधुनिक तकनीकों का समावेश अयोध्या को सतत विकास के साथ स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

महापौर गुरुवार को भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में रायबरेली बाईपास स्थित कल्याण मंडपम में आयोजित ‘जन आवास के लिए नई निर्माण प्रौद्योगिकियां’ विषयक कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों से निकलने वाले अपशिष्ट का उपयोग भी उपयोगी सामग्री तैयार करने में किया जा सकता है। अयोध्या में निर्माण से निकलने वाली वेस्टेज सामग्री से टाइल्स बनाने का प्रस्ताव लंबित है। इस पर अमल होने से निर्माण अपशिष्ट के पुनः उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और संसाधनों की बर्बादी भी कम होगी।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि अभियंताओं को समय-समय पर नवीन निर्माण तकनीकों का ज्ञान अर्जित करते रहना चाहिए। विकास और निर्माण से जुड़ी प्रत्येक परियोजना की रूपरेखा बनाते समय आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सड़क निर्माण में नई तकनीकों को अपनाने के साथ भवन निर्माण में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन का ध्यान रखने की आवश्यकता बताई।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच भूमि की उपलब्धता लगातार घट रही है, जबकि निर्माण की लागत में वृद्धि हो रही है। ऐसी परिस्थितियों में बढ़ती आबादी की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए मास हाउसिंग, बेहतर इकोसिस्टम और कम लागत वाली निर्माण तकनीकों पर ध्यान देना जरूरी है। साथ ही भवनों और सड़कों की टिकाऊ क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रभावी प्रयास होने चाहिए।

भारत सरकार के प्रतिनिधि पंकज गुप्त ने अभियंताओं को बढ़ती आबादी की आवासीय आवश्यकताओं के अनुरूप कम समय में भवन निर्माण की आधुनिक तकनीकों और उनकी कार्यक्षमता की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने किया।

कार्यशाला में नगर निगम के मुख्य अभियंता पुनीत ओझा, भारत सरकार के प्रतिनिधि राधाकृष्ण, सहायक अभियंता दीपांकर सिंह, राजपति यादव सहित नगर निगम, विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नवीन निर्माण पद्धतियों और उनके व्यावहारिक उपयोग से अवगत कराया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version