अयोध्या। निषाद समाज को शिक्षित, संगठित और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को गुप्तारघाट पर निषाद संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। निषाद समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी निषाद ने समाज के लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान समाज के लोगों ने 51 किलो की विशाल माला पहनाकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में संतोष निषाद ने निर्मलीकुंड, गुप्तारघाट, मीरनघाट से राजघाट तक बसी निषाद बस्तियों की सामाजिक और बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में निषाद परिवार निवास करते हैं, जिन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन बस्तियों में सुविधाओं के विस्तार और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने एकलव्य छात्रावास को कब्जे से मुक्त कराने का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा। कहा कि छात्रावास का उपयोग समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए। इसके लिए आवश्यक पहल करने की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी निषाद ने कहा कि निषाद समाज के बीच पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हुई है। समाज की उन्नति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। बच्चों को शिक्षित करने और उन्हें बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना होगा। शिक्षित होने पर ही नई पीढ़ी अपने अधिकारों को समझ सकेगी और समाज के विकास में प्रभावी भूमिका निभा पाएगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
संतोष निषाद ने कहा कि समाज को संगठित करने और लोगों की समस्याओं को एक मंच पर उठाने के उद्देश्य से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक विकास के लिए आपसी एकता, जागरूकता और शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। समाज के लोग एकजुट होकर अपनी समस्याओं को जनप्रतिनिधियों और सरकार के समक्ष रखें।
कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री गुप्तारघाट स्थित निषाद बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उन्हें शैक्षिक सामग्री वितरित की और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। शैक्षिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में निषाद समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।