अम्बेडकर नगर। मंशापुर कुटी के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक बाइक पर पांच लोगों को सवार देखकर रोक लिया। पूछताछ के दौरान बाइक सवारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस से बहस शुरू कर दी। कुछ देर तक चले विवाद के बाद पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन में बाइक का चालान कर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार दीवान प्रमोद शर्मा, उपनिरीक्षक प्रभात गंगवार व पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर क्षमता से अधिक पांच लोग सवार मिले। पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की और नियमों के उल्लंघन की जानकारी दी।
बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान बाइक सवारों ने आपत्ति जताते हुए पुलिस से बहस की। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए मामला शांत कराया और यातायात नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वाहन को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका काफी बढ़ जाती है।