अम्बेडकर नगर। सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और आईआईटी मद्रास के संयुक्त प्रयास रंग ला रहे हैं। रविवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सड़क पर उतरे और नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
डीएवी इंटर कॉलेज टांडा, तक्षशिला एकेडमी, रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन एकेडमी, ग्लोबल विजडम स्कूल, डालमिस एनटीपीसी स्कूल, सेंट पॉल्स स्कूल सहित कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। कलाकारों ने हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग, ओवरस्पीड से बचने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग न करने का संदेश देकर लोगों को जागरूक किया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता और सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों के जरिए सुरक्षित यातायात का संदेश दिया और स्वयं नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।
उधर, यातायात पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का समापन 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे लोहिया भवन सभागार, अकबरपुर में होगा। समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों, सड़क सुरक्षा सखियों, सड़क सुरक्षा मित्रों एवं सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा स्थायी जनआंदोलन बनाना है।