अयोध्या। फायर सर्विस वीक (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के उपलक्ष्य में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पर अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एयरपोर्ट कर्मियों एवं हितधारकों के बीच अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान फायर स्टाफ द्वारा कर्मचारियों को एयरसाइड एवं एयरपोर्ट परिसर में आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन कर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।
इस दौरान एटीसी प्रकार, कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) प्रकार, वाटर प्रकार तथा क्लीन एजेंट फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने के तरीके समझाए गए। इसके अतिरिक्त हाइड्रोलिक कटर, हाइड्रोलिक स्प्रेडर एवं पावर सॉ जैसे उन्नत रेस्क्यू उपकरणों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में फायर स्टाफ द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को फायर सर्विस वीक के बैज लगाए गए, जिससे अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर कार्यवाहक विमान पत्तन निदेशक अवधेश कुमार सिंह, आर.बी.एस. कुशवाहा (इलेक्ट्रिकल इंचार्ज), राजेश कुमार (सिविल इंचार्ज), राजेश कुमार (सीएनएस इंचार्ज), जयंतो नेओगी (टर्मिनल इंचार्ज) एवं सुधीर यादव (फायर इंचार्ज) सहित एयरपोर्ट के सभी स्टाफ एवं हितधारक उपस्थित रहे।