Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या विश्वविद्यालयों में 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प’ और ‘नशा मुक्ति’ अभियान

विश्वविद्यालयों में 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प’ और ‘नशा मुक्ति’ अभियान

0

◆ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने ऑनलाइन बैठक में दिए निर्देश, 17 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम


अयोध्या प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘नशा मुक्ति अभियान’ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में मंगलवार को प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों की ऑनलाइन बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की। उन्होंने अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजेआशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ प्रदेश के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाट, मंदिर, शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों तथा लाभार्थी परिवारों के घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसी दिन ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में दिव्यांग कल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

विद्यालयों और महाविद्यालयों में त्रिस्तरीय प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग और कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। चयनित प्रतिभागियों की कृतियों और प्रस्तुतियों को विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद और बौद्धिक विमर्श भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रबुद्धजनों और युवाओं के बीच सीधा संवाद होगा। साथ ही ‘विकसित भारत-विकसित यूपी’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

बैठक में अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. शैलेंद्र कुमार, डॉ. पीके द्विवेदी, प्रो. सुरेंद्र मिश्र, डॉ. गीतिका श्रीवास्तव, डॉ. आशीष पाण्डेय, रवि मालवीय, डॉ. श्रीश अस्थाना, आशीष मिश्र और गिरीश पंत समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version