Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शिवबाबा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक की मौत

शिवबाबा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक की मौत

0

पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, कोतवाल और स्वाट सिपाही घायल


एसपी समेत दो अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली


अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर मंगलवार की देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से अकबरपुर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी सोनू यादव घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात शिवबाबा बैरियर पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अहिरौली की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली कोतवाल भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में लगी। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से शिवबाबा मैदान की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों की ओर से फायरिंग जारी रही। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।

मृत बदमाश की पहचान गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र निवासी वाहिद पुत्र अबु बकर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन पिस्टल, एक कार्बाइन, सात देशी तमंचे, .32 बोर, नौ एमएम और .315 बोर के कुल 21 जिंदा कारतूस, छह खोखे तथा बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, वाहिद के खिलाफ विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में 35 मुकदमे दर्ज थे। मामले में अकबरपुर कोतवाली में बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version