Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 11.34 लाख की ठगी, साइबर...

ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 11.34 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने पूरी रकम लौटाई

0
ayodhya samachar

अंबेडकर नगर। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर साइबर जालसाजों ने टांडा निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख 34 हजार 100 रुपये ठग लिए। हालांकि, साइबर क्राइम थाना पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली। पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के जरिए ठगी गई पूरी रकम वापस करा दी।

पुलिस के मुताबिक, टांडा निवासी सत्येंद्र वर्मा (बदला हुआ नाम) से अज्ञात लोगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया। जालसाजों ने उन्हें स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने 16 सितंबर से दो अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में यूपीआई के माध्यम से कुल 11,34,100 रुपये विभिन्न खातों में भेज दिए। काफी समय बाद ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर रकम के लेन-देन की कड़ियों को खंगाला और मनी ट्रेल का तकनीकी विश्लेषण किया। इस दौरान संबंधित संदिग्ध बैंक खातों में उपलब्ध धनराशि को तत्काल होल्ड करा दिया गया। पुलिस के लगातार प्रयासों और प्रभावी कार्रवाई के बाद संबंधित खाताधारकों से धनराशि वापस कराई गई। पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में पहुंचने के बाद मामले का आपसी सहमति से निस्तारण हो गया।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई पर पीड़ित ने साइबर पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि सोशल मीडिया पर ट्रेडिंग और शेयर बाजार में भारी मुनाफे का दावा करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version