अम्बेडकर नगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में 20 नवंबर से प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम शुरू होगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु के साथ प्रस्तावित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों (ईडीसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों के संचालन के लिए कक्षों के निर्धारण और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ ही जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय स्तर पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के माध्यम से मतदान का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। मॉक बैलेट पेपर के जरिए मतदाताओं को मतदान का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही उन्हें मशीनों के संचालन और वीवीपैट से निकलने वाली पर्ची के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रत्येक केंद्र पर प्रशिक्षित कार्मिक की तैनाती होगी, जो मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करेगा। केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 से शाम पांच बजे तक संचालित होंगे। यहां आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ जागरूकता संबंधी बैनर, स्टैंडी और स्पष्ट साइनेज लगाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी सविता सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।