जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर नगर पालिका की गौशाला में ‘गोमाता’ की आराधना के पावन पर्व ‘गोपाष्टमी’ के अवसर पर तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ईओ अरविंद कुमार, वरिष्ठ नेता संजीव मिश्र, तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट के अध्यक्ष केशव श्रीवास्तव, विकाश निषाद समेत कई समाजसेवियों ने गौ सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला में गौवंश को माला पहनाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट के अध्यक्ष केशव श्रीवास्तव ने कहा कि गोमाता पाप-ताप हरने वाली, सनातन संस्कृति की संवाहिका और भारतीय जीवन-परंपरा का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा से मन को शांति और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। गोपाष्टमी का पर्व हमें गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर राम प्रकाश पांडे, गौरव उपाध्याय, दिलीप यादव, प्रेम सागर, अवधेश पाठक समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने गौशाला में गौ सेवा कर पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई और गोवंश के संरक्षण का संकल्प दोहराया।