जलालपुर, अम्बेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में चार दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। घटना के बाद से उनका लखनऊ में उपचार चल रहा था। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मैनपुर गांव निवासी बजरंगी प्रसाद (65) बीते 28 जुलाई को साइकिल से जलालपुर बाजार आए थे। बाजार से घर लौटते समय जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर एक मैरिज हाल के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।
शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।