Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कोरियर डिलीवरी करने वाले युवको की पिटाई, रिपोर्ट दर्ज

कोरियर डिलीवरी करने वाले युवको की पिटाई, रिपोर्ट दर्ज

0

जलालपुर, अम्बेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र में कोरियर डिलीवरी का कार्य करने वाले दो युवकों पर दर्जनभर लोगों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से दोनों की पिटाई की। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उन्हें जबरन शराब की बोतल हाथ में पकड़ाकर वीडियो भी बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाभापार निवासी शुभम यादव पुत्र चंद्रभूषण यादव ने कटका थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने साथी शिवम यादव के साथ कोरियर पार्सल डिलीवरी का काम करता है। 30 जुलाई की शाम दोनों जदवापुर मोड़ थाना कटका के पास रिटर्न पार्सलों का हिसाब-किताब तैयार कर रहे थे। तभी चार मोटरसाइकिलों से सवार होकर करीब 11-12 लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने दोनों पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान लोहे की रॉड शुभम के हेलमेट पर लगी, जिससे हेलमेट दो टुकड़ों में टूट गया। दोनों युवकों के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने डराकर उनके हाथ में जबरन शराब की बोतल पकड़ाई और मोबाइल से वीडियो बनाया। साथ ही धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को दी तो जान से मार देंगे। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आलोक यादव, बृजेश यादव, राजेश यादव, विपुल यादव, अंकित यादव सहित अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ कटका अक्षय पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version