Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर टांडा में डीएम-एसपी का रूट मार्च, जुलूस मार्गों का लिया जायजा

टांडा में डीएम-एसपी का रूट मार्च, जुलूस मार्गों का लिया जायजा

0

अम्बेडकर नगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को टांडा नगर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रूट मार्च किया। अधिकारियों ने नगर के संवेदनशील स्थलों, होलिका दहन स्थलों तथा प्रस्तावित जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का पर्व है। सभी नागरिक इसे मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद को विभिन्न सेक्टर व जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। पूर्व वर्षों की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। महिला सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय कर दिया गया है तथा प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि होलिका दहन व रंगोत्सव के दौरान नियमित गश्त जारी रहेगी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। अधिकारियों ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सहयोग की अपील की। इस दौरान उपजिलाधिकारी टांडा, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका परिषद टांडा के अधिशासी अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version