अम्बेडकर नगर। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली सावन कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कांवड़ यात्रा मार्गों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को दो दिन के भीतर सभी प्रमुख मार्गों को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सेतु निगम, बस्ती को मया-टांडा मार्ग पर निर्माणाधीन ऊपरिगामी पुल के पहुंच मार्ग को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दो दिनों के भीतर सुगम बनाने का निर्देश दिया। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को एनएच-135ए पर बने गड्ढों की मरम्मत तथा जल निगम को लोक निर्माण विभाग की क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि दो दिन बाद सभी चिन्हित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का सत्यापन करें और अद्यतन रिपोर्ट के साथ पुनः समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण करते हुए उन्हें सुरक्षित, सुदृढ़ और सुगम बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, एनएचएआई, जल निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।