Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर संचारी रोगों से बचाव का छात्रों को दिया गया संदेश, स्कूलों में...

संचारी रोगों से बचाव का छात्रों को दिया गया संदेश, स्कूलों में शपथ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0

अम्बेडकरनगर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत सोमवार को जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अन्य विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई तथा उन्हें जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहितीपुर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने संचारी रोगों की रोकथाम और बचाव की शपथ ली। वहीं राजकीय हाईस्कूल अशरफपुर बरवा में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संचारी रोगों, उनके लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तेंदुआ कला, राजकीय बालिका हाईस्कूल कहारा सुलेमपुर, राजकीय बालिका हाईस्कूल फरीदपुर कुतुब (टांडा), राजकीय बालिका हाईस्कूल रतना भियांव तथा राजकीय बालिका हाईस्कूल अहिरौली रानी मऊ में शपथ ग्रहण, जागरूकता कार्यक्रम, अंत्याक्षरी और संवादात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्राओं को मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छता अपनाने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामबाबा तथा रामनाथ परमात्मा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पतौना में भी संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version